पालघर में भारतीय सैनिकों के शौर्य और पराक्रम के सम्मान में तिरंगा रैली का आयोजन

भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस और बलिदान को नमन करते हुए पालघर में रविवार को एक भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। यह रैली भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित की गई, जो हुतात्मा चौक से शुरू होकर पालघर बस डिपो तक पहुंची।
इस देशभक्ति से ओत-प्रोत रैली में पालघर के पालकमंत्री गणेश नाइक, सांसद हेमंत सावरा, और भाजपा जिला अध्यक्ष भरत राजपूत विशेष रूप से उपस्थित रहे। इनके साथ ही बड़ी संख्या में भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, युवा वर्ग और नागरिक भी शामिल हुए।
रैली के दौरान ‘वंदे मातरम’, ‘भारत माता की जय’ जैसे गगनभेदी नारों ने माहौल को देशभक्ति से भर दिया। इस अवसर पर वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बलिदान और सेवा का सम्मान किया गया।
गणेश नाइक ने अपने संबोधन में कहा –
“हमारे सैनिक देश की सीमाओं की रक्षा के लिए दिन-रात डटे रहते हैं। यह रैली उनके सम्मान में एक छोटा-सा प्रयास है। हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह देश के लिए समर्पित इन वीरों को सम्मान दे।”
यह तिरंगा रैली न केवल देशभक्ति की भावना को प्रकट करती है, बल्कि युवाओं को प्रेरित करने का भी माध्यम बनी।